कलरव-2026 में नन्हें हुनर ने बिखेरे प्रतिभा के रंग, रामायण मंचन ने मोहा मन


संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल की कोइराजपुर और गिलट बाजार शाखा का संयुक्त वार्षिकोत्सव आयोजित, 1200 से अधिक विद्यार्थियों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
वाराणसी। संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल की कोइराजपुर एवं गिलट बाजार शाखा के कनिष्ठ वर्ग का संयुक्त वार्षिकोत्सव ‘कलरव-2026’ बुधवार को विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नन्हें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, कला और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सत्यम मिश्रा रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में ख्यातिलब्ध लेखक एवं नागरी प्रचारिणी सभा के प्रधानमंत्री व्योमेश शुक्ला उपस्थित रहे। इसके अलावा डिप्टी रजिस्ट्रार, इग्नू बनमाली सिंह, 95वीं बटालियन सीआरपीएफ पहड़िया के कमांडेंट राजेश्वर एस. बालापुरकर, जिला विद्यालय निरीक्षक भोलेंद्र प्रताप सिंह, सहायक जिला विद्यालय निरीक्षक बृजेश सिंह राणा, अपर निदेशक बेसिक शिक्षा हेमंत राव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। संस्था सचिव राहुल सिंह ने अतिथियों एवं अभिभावकों का स्वागत किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ शिव स्तुति से हुआ। इसके बाद द्वादश ज्योतिर्लिंग की दिव्य झांकी, पंचतत्वों के महत्व पर आधारित नृत्य नाटिका, महानायक अमिताभ बच्चन के सिनेमाई सफर पर आधारित प्रस्तुति तथा केसरिया हुंकार और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना से ओतप्रोत समूह नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रामायण पर आधारित प्रभु श्रीराम के संपूर्ण जीवन चरित्र का भव्य मंचन रहा। राम दरबार की मनमोहक झांकी ने उपस्थित लोगों को भक्तिभाव से सराबोर कर दिया।
मुख्य अतिथि सत्यम मिश्रा ने कहा कि विद्यार्थियों के जीवन में संस्कार और मानवीय मूल्य ही शिक्षा की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। संस्कारपूर्ण शिक्षा एवं सांस्कृतिक मूल्यों के बिना श्रेष्ठ समाज की कल्पना संभव नहीं है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. नीलम सिंह ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि उनका हुनर और उत्साह नई आशा एवं ऊर्जा का संचार करता है। विद्यालय बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण के लिए संकल्पित है। उन्होंने बताया कि दोनों शाखाओं के 1200 से अधिक विद्यार्थियों ने कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
निदेशिका डॉ. वंदना सिंह एवं उपनिदेशक आयुष्मान सिंह ने कहा कि ‘कलरव’ के माध्यम से भावी पीढ़ी के स्वर्णिम भारत की कल्पना साकार होती दिखाई दे रही है। इस अवसर पर गिलट बाजार शाखा की प्रधानाध्यापिका अमिता सिंह सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 11 की आराध्या राय एवं कक्षा 10 के हुजैफा इकबाल ने किया।
