पांच पर्व के शुभारंभ पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय में विशेष जनजागरूकता अभियान, बालिकाओं ने ली बाल विवाह रोकने की शपथ

MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
बुढ़ाना, जनपद मुजफ्फरनगर, उत्तर प्रदेश।

मुजफ्फरनगर। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बालिकाओं के अधिकारों के संरक्षण के उद्देश्य से जनपद में बाल विवाह मुक्त भारत एवं बाल विवाह मुक्त उत्तर प्रदेश अभियान के अंतर्गत पांच पर्व के शुभारंभ पर विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, नगरीय क्षेत्र मुजफ्फरनगर में आयोजित इस कार्यक्रम में बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए बाल विवाह न करने और समाज में कहीं भी बाल विवाह होता दिखाई देने पर उसे रोकने के लिए जागरूकता फैलाने की शपथ ली।

जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार के निर्देशन में डॉ. राजीव कुमार द्वारा आयोजित इस विशेष कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार ने किया।

कार्यक्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार, डॉ. राजीव कुमार, वार्डन बबिता शर्मा तथा शिक्षिकाओं शिल्पा एवं कोमल ने दीप प्रज्वलित कर बाल विवाह रूपी सामाजिक अंधकार को समाप्त करने का संदेश दिया।

इस दौरान बालिकाओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं बाल विवाह नहीं करेंगी और अपने परिवार, गांव तथा समाज में भी लोगों को इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करेंगी।

‘ज्ञान का दीप जलाएंगे, बाल विवाह मिटाएंगे’ के संदेश के साथ आयोजित कार्यशाला में डॉ. राजीव कुमार, सदस्य बाल कल्याण समिति ने बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम-2006 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कानून के अंतर्गत निर्धारित परिस्थितियों में बाल विवाह कराने, करवाने या उसमें सहायता करने वालों के लिए दो वर्ष तक के कठोर कारावास और एक लाख रुपये तक के जुर्माने अथवा दोनों का प्रावधान है।

कार्यक्रम के अंत में बाल विवाह नहीं करने और बाल विवाह रोकने की शपथ लेने वाली सभी बालिकाओं एवं विद्यालय स्टाफ को पांच पर्व की शुभकामनाओं के साथ ‘स्माइल मग’ भेंट किए गए।

विद्यालय की वार्डन बबिता शर्मा ने जनपदवासियों से अपील की कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए सभी लोग आगे आएं और बेटियों को शिक्षा, सुरक्षा तथा अपने भविष्य के सपने पूरे करने का अवसर दें।

संदेश साफ है—बेटियों को बचपन, शिक्षा और सपने दीजिए, बाल विवाह को समाज से मिटाइए।

MD NEWS बहुआयामी समाचार — जनहित में जनता की आवाज।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *