गोलागोकर्णनाथ (खीरी)। नगर की भारत भूषण कॉलोनी में बिजली की झालर लगाते समय करंट की चपेट में आने से एक छात्र की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की खबर फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई। भारत भूषण कॉलोनी निवासी कमल अपने घर में बिजली की सजावटी झालर लगा रहा था। इसी दौरान मकान के ऊपर निकली ग्यारह हजार बिजली की लाइन से अचानक वो करंट की चपेट में आ गया।

करंट लगते ही वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा। हादसा इतना अचानक हुआ कि परिवार के लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। परिजनों और आसपास के लोगों ने आनन-फानन में उसे करंट से अलग कर बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

कमल की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। घर में जहां कुछ समय पहले तक खुशियों का माहौल था वहीं इस हादसे के बाद मातम पसर गया। घटना की जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचने लगे। कम उम्र में कमल की दर्दनाक मौत से हर कोई स्तब्ध है। हंसते-खेलते परिवार की खुशियां एक पल में मातम में बदल गईं।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *