एमडी न्यूज़ बहूआयामी समाचार पत्र एवं न्यूज़ चैनल
लोकेशन रामपुर
ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान की रिपोर्ट
संजय कपूर और निक्कू पंडित ने मतदाता सूची के सत्यापन को लेकर कार्यकर्ताओं में भरा जोश, बोले—एक भी पात्र मतदाता का नाम कटने नहीं देंगे
रामपुर। कांग्रेस पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ–देश बचाओ जनसंपर्क अभियान’ के अंतर्गत आज पूर्व विधायक बिलासपुर संजय कपूर के निवास ग्राम गुजरेला में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कांग्रेस के पदाधिकारियों, बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। बैठक में विशेष रूप से वर्ष 2025 की मतदाता सूची तथा एसआईआर (SIR) प्रक्रिया के बाद जारी मतदाता सूची का गहन परीक्षण, कटे हुए वोटों का सत्यापन और प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम सूची में सुरक्षित रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि सभी पदाधिकारी एवं बूथ अध्यक्ष अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक पोलिंग स्टेशन के अनुसार मतदाता सूचियों का क्रॉस चेक करेंगे। वर्ष 2025 की सूची और एसआईआर के बाद की सूची का मिलान कर यह पता लगाया जाएगा कि किन पात्र मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, किनके नामों में त्रुटियां हैं तथा किन मतदाताओं के नाम सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। प्रत्येक बूथ पर इस कार्य को गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने पर जोर दिया गया।

पूर्व विधायक संजय कपूर ने अपने संबोधन में कहा कि ईमानदार चुनाव ही मजबूत लोकतंत्र का आधार है। लोकतंत्र की असली ताकत जनता का वोट है और यदि मतदाता का नाम ही मतदाता सूची से गायब कर दिया जाए तो उसके मतदान के संवैधानिक अधिकार पर सीधा प्रभाव पड़ता है। मतदाता सूची में पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करना केवल चुनाव आयोग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक और लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले राजनीतिक कार्यकर्ता की भी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि एसआईआर के बाद जारी मतदाता सूची को हल्के में नहीं लिया जा सकता। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने बूथ पर वर्ष 2025 की मतदाता सूची और नई सूची का बारीकी से मिलान करे। विशेष रूप से उन मतदाताओं की जानकारी जुटाई जाए जिनके नाम पहले सूची में थे, लेकिन अब दिखाई नहीं दे रहे हैं। किसी भी पात्र मतदाता का नाम बिना उचित कारण के सूची से बाहर नहीं होना चाहिए। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और प्रत्येक मतदाता से उसका EPIC नंबर (वोटर आईडी नंबर) चेक करवाएं। उन्होंने कहा कि चुनाव की निष्पक्षता तभी कायम रह सकती है जब हर पात्र नागरिक को बिना किसी बाधा के अपना वोट डालने का अवसर मिले।

जिलाध्यक्ष निक्कू पंडित ने अपने संबोधन में आक्रामक तेवर अपनाते हुए कहा कि ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ केवल कांग्रेस का राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि देश के लोकतंत्र, संविधान और आम नागरिक के मताधिकार की रक्षा का संकल्प है। वोट सुरक्षित रहेगा, तभी देश का लोकतंत्र सुरक्षित रहेगा। जनता का वोट किसी सरकार या सत्ता की मेहरबानी नहीं, बल्कि संविधान द्वारा दिया गया उसका अधिकार है। इस अधिकार की रक्षा के लिए कांग्रेस का प्रत्येक कार्यकर्ता सड़क से लेकर बूथ तक संघर्ष करने को तैयार है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता सरकार चुनती है, न कि जनता के वोट का फैसला कोई दूसरी ताकत करे। यदि मतदाता सूची में गड़बड़ी होती है, पात्र मतदाताओं के नाम काटे जाते हैं या वास्तविक मतदाताओं को मतदान से वंचित किया जाता है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय है। इसलिए कांग्रेस कार्यकर्ता किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त न करें और प्रत्येक बूथ पर मतदाता सूची की एक-एक प्रविष्टि का सत्यापन करें।
निक्कू पंडित ने कहा कि सभी पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष और सक्रिय कार्यकर्ता अपने-अपने पोलिंग स्टेशन की जिम्मेदारी स्वयं संभालें। वर्ष 2025 की मतदाता सूची और एसआईआर के बाद की सूची का मिलान करें। जिन लोगों के नाम कटे हुए मिलें, उनकी वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करें और नियमानुसार आपत्ति एवं नाम जुड़वाने की प्रक्रिया में उनकी सहायता करें। प्रत्येक मतदाता को अपना EPIC नंबर चेक करना चाहिए तथा यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उसका नाम सही पोलिंग स्टेशन की मतदाता सूची में मौजूद है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जोशीले अंदाज में कहा कि अब समय केवल बैठकों और नारों तक सीमित रहने का नहीं, बल्कि जमीन पर उतरकर काम करने का है। हर गांव, हर मोहल्ले और हर बूथ तक पहुंचना होगा। कांग्रेस का कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर उसके अधिकारों की आवाज बनेगा। हमारा लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता जानकारी के अभाव में अपने मताधिकार से वंचित न रह जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि ‘आपका वोट, आपका अधिकार है—जागरूक रहें, सतर्क रहें और अपने वोट की सुरक्षा स्वयं भी करें। वोट बचेगा तो लोकतंत्र बचेगा, लोकतंत्र बचेगा तो देश बचेगा।’
बैठक में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने अभियान को पूरी गंभीरता से आगे बढ़ाने तथा अपने-अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची के सत्यापन का कार्य प्राथमिकता से करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर बाकर खां, गुरवाज सिंह, जिवेन्दर गंगवार, लाइक बाबू, दुर्गेश मौर्य, अजीब सिंह, राजेंद्र मंटू, मोहन स्वरूप, डॉ. जफर, मोहम्मद उमर, वेदराम यादव, रियाज प्रधान, मौज्जम खां, भूरा, शानू खां, देवकीनंदन, बाबू प्रधान, गोदी, राजीव आर्य, सचिन त्रिवेदी, मोहम्मद जकी, शकील मंसूरी मौलाना अमीर अहमद, दीपक शर्मा सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
