25 हजार का इनामी गांजा तस्कर गाजियाबाद से गिरफ्तार, एक साल से चल रहा था फरार

ऑपरेशन प्रहार में कलियर पुलिस को बड़ी कामयाबी, कोतवाल कमल मोहन भंडारी की रणनीति से आरोपी गिरफ्तार

रिपोर्ट: अर्सलान अहमद
पिरान कलियर, हरिद्वार | MD NEWS बहुआयामी समाचार

पिरान कलियर। नशे के सौदागरों के खिलाफ हरिद्वार पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। दिवाली के मौके पर कोतवाली कलियर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी गांजा तस्कर को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। करीब एक साल से फरार चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है। यह कार्रवाई कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी के नेतृत्व में ऑपरेशन प्रहार एवं नशा मुक्त देवभूमि-2026 अभियान के तहत की गई।

21 किलो गांजे के मामले में था वांछित

पुलिस के अनुसार, 15 जुलाई 2025 को एएनटीएफ टीम ने बेड़पुर स्थित शाहजी पीर तिराहे के पास कार्रवाई करते हुए साबिर हुसैन नामक आरोपी को 21 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान साबिर ने खुलासा किया था कि वह गांजा गाजियाबाद निवासी अमजद सिद्दीकी से लेकर आया था। गांजे की सप्लाई कलियर में एक महिला को की जानी थी।

इस मामले में कोतवाली कलियर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साबिर हुसैन और महिला आरोपी के खिलाफ आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल कर दिया था, जबकि मुख्य सप्लायर अमजद सिद्दीकी लगातार फरार चल रहा था।

कई दबिश के बाद गाजियाबाद में दबोचा

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। गाजियाबाद में उसके संभावित ठिकानों पर कई बार दबिश दी गई, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार की ओर से उसकी गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया।

लगातार सुरागरसी और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर पुलिस टीम ने 7 नवंबर 2026 को गाजियाबाद के लोनी स्थित अंकुर विहार थाना क्षेत्र से आरोपी अमजद सिद्दीकी को गिरफ्तार कर लिया।

कई मुकदमों में सामने आया आरोपी का नाम

गिरफ्तार आरोपी की पहचान अमजद सिद्दीकी पुत्र असगर सिद्दीकी, निवासी मिर्जापुर-2, विजयनगर, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। उसके आपराधिक इतिहास की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।

इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका

इस सफल कार्रवाई में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी, उपनिरीक्षक अमित नौटियाल, हेड कांस्टेबल सोनू कुमार, इसरार अली तथा सीआईयू रुड़की के कांस्टेबल महिपाल सिंह की अहम भूमिका रही।

संदेश साफ है: नशे के कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *