
रिपोर्ट दीपक कुमार
नौहझील (मथुरा)
कस्बा नौहझील में महिलाओं, बालिकाओं और आमजन की सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए ‘मिशन शक्ति’ टीम ने बाजार और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पैदल गश्त कर चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर सक्रिय हुई टीम ने पूरे कस्बे में सुरक्षा का घेरा कड़ा कर दिया है।

मनचलों में खौफ, चप्पे-चप्पे पर पैनी नजर
सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए सब-इंस्पेक्टर (SI) ज्योति के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल (HC) रूबी, कांस्टेबल चेतन, सलोनी और मेघा की टीम ने मुख्य बाजारों, चौराहों और भारी भीड़ वाले संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च किया। इस दौरान टीम ने संदिग्ध रूप से घूम रहे युवकों से पूछताछ की और बाजार में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। मिशन शक्ति टीम की इस धमक से क्षेत्र के मनचलों और अराजक तत्वों में हड़कंप मच गया।

आधी आबादी को दिया सुरक्षा का भरोसा
गश्त के दौरान महिला पुलिसकर्मियों ने बाजार में खरीदारी करने आईं महिलाओं और छात्राओं से सीधे संवाद किया। उन्हें मुख्यमंत्री के महत्वाकांक्षी अभियान ‘मिशन शक्ति’ के तहत मिलने वाली सुरक्षा सुविधाओं और हेल्पलाइन नंबरों (1090, 112) की जानकारी दी। टीम ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी रूप में हुड़दंग, छेड़खानी या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
स्थानीय व्यापारियों और संभ्रांत नागरिकों ने पुलिस की इस त्वरित और कड़क कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियानों से बाजारों में सुरक्षा का माहौल और मजबूत होता है।

