सेवापुरी। अजेय भारत क्षत्रिय विस्थापित गौरव संस्था के तत्वावधान में मंगलवार को विस्थापित क्षत्रिय समाज के 13 राजवंशों के सर्वांगीण विकास एवं उत्थान को लेकर जौनपुर जिले का सम्मेलन आयोजित किया गया। ग्रामसभा मड़ैया महरुपुर स्थित मेला परिसर में आयोजित यह सम्मेलन सकुशल संपन्न हुआ। कार्यक्रम में करीब चार हजार लोगों की उपस्थिति रही, जिसमें क्षत्रिय समाज के पुरुषों, क्षत्राणियों के साथ ही बच्चों ने भी बढ़-चढ़कर प्रतिनिधित्व किया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता ठाकुर ईश्वरदिन सिंह राठौड़ ने की। सम्मेलन का शुभारंभ नारी उत्कर्ष समिति की सदस्यों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस दौरान समाज की एकजुटता, सामाजिक उत्थान और 13 राजवंशों के सर्वांगीण विकास को लेकर विचार-विमर्श किया गया।


सम्मेलन में संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष ठाकुर शत्रुघ्न कुमार सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ठाकुर प्रमोद सिंह सोलंकी, राष्ट्रीय सचिव डॉ. सीवी सिंह तोमर, राष्ट्रीय उप सचिव ठाकुर अरुण सिंह गहलोत तथा जौनपुर जिला मंडल अध्यक्ष ठाकुर अवध नारायण सिंह सोलंकी सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


आयोजकों ने सम्मेलन को समाज की एकता, संगठनात्मक मजबूती और आने वाली पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता से आयोजन उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

3 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *