तेज बहादुर शर्मा गुड्डू।
मंडल ब्यूरो चीफ अयोध्या।
एम डी न्यूज।

मसौली, बाराबंकी। थाना मसौली क्षेत्र में मंगलवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक युवक और एक महिला की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।


पहली घटना: कार की टक्कर से महिला की मौत, बेटा-बेटी घायल
पहली घटना मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कल्याणी नदी के निकट हुई। सफदरगंज थाना क्षेत्र के ग्राम चंदवारा निवासी मोहम्मद जबीर की 51 वर्षीय पत्नी किस्मत जहां अपने 21 वर्षीय पुत्र मिस्बाह उल और 18 वर्षीय पुत्री रुआयदा बानो के साथ मोटरसाइकिल से एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इसी दौरान रामनगर की ओर से तेज रफ्तार में आ रही कार संख्या यूपी 32 क्यूवी 3727 ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कार और बाइक अनियंत्रित होकर हाईवे के नीचे जा गिरीं।
हादसे में किस्मत जहां के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि उनका बेटा और बेटी भी घायल हो गए। सूचना पर पहुंची मसौली पुलिस ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल किस्मत जहां को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


दूसरी घटना: ब्रेजा कार और बाइक की भिड़ंत में युवक की मौत, दो घायल
दूसरी घटना गोंडा-बहराइच राष्ट्रीय राजमार्ग पर मसौली चौराहे के निकट महाराजा ढाबा के सामने हुई। यहां ब्रेजा कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की पहचान मोहम्मद साद (21 वर्ष), मोहम्मद अल्ताफ (25 वर्ष) और अरकान (19 वर्ष) के रूप में हुई है। तीनों को जिला अस्पताल बाराबंकी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मोहम्मद साद को मृत घोषित कर दिया। वहीं अल्ताफ और अरकान का उपचार जारी है।


बताया जा रहा है कि मोहम्मद अल्ताफ और अरकान सब्जी का ठेला लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे, जबकि मोहम्मद साद हाफिजा की पढ़ाई करने के साथ सिलाई की दुकान पर काम करता था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई। पुलिस ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया। दुर्घटना में शामिल ब्रेजा कार मसौली थाने में पुलिस के कब्जे में बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार को हुए इन दोनों हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। क्षेत्र में शोक का माहौल है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *