जिला रिपोर्टर यूसुफ की रिपोर्ट
रामपुर। राष्ट्रीय लोकदल अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव एवं रुहेलखंड क्षेत्र प्रभारी पूर्व जिलाध्यक्ष मोहम्मद उस्मान बबलू ने बरेली गेट चौराहे से पनवड़िया जाने वाले जाजेज रोड पर अवैध अतिक्रमण और यातायात व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक रामपुर को प्रार्थना पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सड़क चौड़ीकरण का कार्य कराए जाने के बावजूद सड़क के दोनों किनारों पर अवैध वाहनों और अतिक्रमण के कारण आवागमन बाधित हो रहा है। सड़क के किनारे मैकेनिक, डेंटर-पेंटर, खाद एवं उर्वरक तथा शराब फैक्ट्री के वाहनों द्वारा कब्जा किए जाने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं और कई बार मासूम बच्चों की जान तक जा चुकी है। परिवहन विभाग द्वारा कार्रवाई किए जाने के दावों के बावजूद सड़क पर यातायात व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। मोहम्मद उस्मान बबलू ने पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए अवैध अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, दोषियों के विरुद्ध सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज कराई जाए तथा सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए, ताकि आम जनता को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
