रिपोर्ट: अर्सलान अहमद
पिरान कलियर, हरिद्वार | MD NEWS बहुआयामी समाचार
पिरान कलियर। विश्वप्रसिद्ध दरगाह हजरत मखदूम अलाउद्दीन अली अहमद साबिर पाक में नौचंदी जुमेरात के मुबारक मौके पर जायरीनों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह से ही दरगाह परिसर और आसपास के क्षेत्रों में अकीदतमंदों की भारी चहल-पहल रही। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे जायरीनों ने दरगाह में चादर और अकीदत के फूल पेश कर मुल्क में अमन, चैन, खुशहाली और अपनी मुरादों के लिए दुआएं मांगीं।
हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और यूपी से पहुंचे जायरीन
इस्लामिक कैलेंडर के नए महीने का चांद दिखाई देने के बाद आने वाली पहली जुमेरात को नौचंदी जुमेरात के रूप में मनाया जाता है।
इस खास दिन की फजीलत को देखते हुए हरियाणा, पंजाब, दिल्ली और उत्तर प्रदेश सहित देश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में जायरीन पिरान कलियर शरीफ पहुंचे।
दरगाहों पर हाजिरी के लिए लगी रहीं लंबी कतारें
जायरीनों की भारी आमद के चलते दरगाह साबिर पाक में जियारत और हाजिरी के लिए सुबह से शाम तक लंबी कतारें लगी रहीं। दूर-दराज से आए अकीदतमंद अनुशासित ढंग से कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। दरगाह साबिर पाक के साथ-साथ दरगाह इमाम साहब और दरगाह शाह किलकिली साहब में भी बड़ी संख्या में जायरीनों ने हाजिरी देकर दुआएं मांगीं।
सज्जादानशीन की सरपरस्ती में हुआ खत्म शरीफ
नौचंदी जुमेरात के अवसर पर बाद नमाज-ए-असर सज्जादानशीन शाह अली ऐजाज कुद्दुसी साबरी की सरपरस्ती में खत्म शरीफ का रूहानी कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आगाज साबरिया जामा मस्जिद के इमाम हाफिज सऊद ने कुरआन-ए-पाक की तिलावत से किया। खत्म शरीफ की रस्म के बाद शाह यावर ऐजाज कुद्दुसी साबरी ने बारगाह-ए-इलाही में हाथ उठाकर मुल्क में भाईचारे, आपसी मोहब्बत, तरक्की और तमाम जायरीनों की जायज मुरादों के लिए विशेष दुआ कराई।
गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी खूबसूरत झलक
नौचंदी जुमेरात पर अलग-अलग राज्यों और भाषाओं से जुड़े अकीदतमंदों की मौजूदगी ने एक बार फिर पिरान कलियर शरीफ में गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी सौहार्द और सूफियाना मोहब्बत की मिसाल पेश की। दिनभर रूहानी माहौल में सराबोर रहने के बाद जायरीन दुआओं और अमन का पैगाम लेकर अपने घरों की ओर रवाना हुए।



