रिपोर्ट-रफीउल्लाह खान
रामपुर। जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी गुरुद्वारा संत भाई जी बाबा, सिविल लाइंस रामपुर की ओर से प्रभात फेरियों का आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ किया जा रहा है। इसी क्रम में 13 नवंबर को प्रातः 5:15 बजे गुरुद्वारा साहिब से प्रभात फेरी का शुभारंभ हुआ।
प्रभात फेरी गुरुद्वारा संत भाई जी बाबा से प्रारंभ होकर मलकीत सिंह के आवास से होते हुए गंगापुर आवास विकास कॉलोनी पहुंची। यहां सुरेंद्र सिंह अरोड़ा, प्रीतम सिंह, मदन भाटिया सहित अन्य संगत के घरों से होते हुए मनमोहन सिंह के आवास और फिर मीना महे के घर तक पहुंची। इसके बाद प्रभात फेरी वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंची, जहां सुबह 7:45 बजे इसका समापन हुआ।

प्रभात फेरी के दौरान रास्ते भर संगत द्वारा शब्द कीर्तन एवं गुरबाणी का मधुर गायन किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा एवं प्रसाद वितरण कर प्रभात फेरी का स्वागत किया। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और गुरु महाराज की वाणी का गुणगान करते हुए आगे बढ़े।
प्रभात फेरी के आगे इकबाल सिंह निशान साहिब की सेवा कर रहे थे, जबकि ठेले की सेवा निक्का सिंह द्वारा की जा रही थी। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में संगत मौजूद रही।
इसके अतिरिक्त 20 जुलाई से संगत के रूप में सहज पाठ साहिब का आयोजन प्रतिदिन रात्रि 8:45 बजे से 9:15 बजे तक किया जा रहा है, जिसकी समाप्ति 24 नवंबर को होगी। गत रात्रि तक सहज पाठ साहिब के 1311 पृष्ठों का पाठ पूरा किया जा चुका है।

15 नवंबर को निकाली जाएगी अगली प्रभात फेरी
इसी क्रम में 15 नवंबर को प्रभात फेरी प्रातः 5:00 बजे गुरुद्वारा साहिब से प्रारंभ होगी। यह प्रभात फेरी गुरुद्वारा श्री गुरु ग्रंथ साहिब से होते हुए राम कुमार कथूरिया के आवास, ओम प्रकाश सेठी वाली गली, रामलीला ग्राउंड में प्रतिपाल सिंह के आवास, जसपाल सिंह वादी के आवास, इंद्रजीत सिंह कथूरिया के आवास से होते हुए भारत टेंट हाउस वालों के घर तक पहुंचेगी।
गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर संगत में विशेष उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना हुआ है। प्रभात फेरियों के माध्यम से श्रद्धालु गुरु साहिब की शिक्षाओं, प्रेम, सेवा, समानता और भाईचारे के संदेश को जन-जन तक पहुंचा रहे हैं।
