ब्यूरो संवाद एजेंसी (एमडी न्यूज़)
महराजगंज। जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के कैमा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। दीपावली पर घर में लगाई गई सजावटी झालर उतारते समय 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 18 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, गांव निवासी राधेश्याम (40) मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर की छत पर दीपावली की सजावटी झालर उतार रहे थे। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आकर वह करंट की चपेट में आ गए। पति को बचाने के प्रयास में उनकी पत्नी पुष्पा देवी (35) और बेटी गोल्डी (18) भी बिजली की चपेट में आ गईं।

हादसे में राधेश्याम और उनकी पत्नी पुष्पा देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि बेटी गोल्डी गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से घायल युवती को जिला अस्पताल महराजगंज पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार थानाध्यक्ष अखिलेश कुमार वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है।
एक ही परिवार के दो सदस्यों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिवार पर टूटे इस दुख के पहाड़ से ग्रामीण भी गमगीन हैं। वहीं, घायल बेटी के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
