
रिपोर्टर – अमान खान
सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र
सोनभद्र। क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय ने गुरुवार को थाना शक्तिनगर का अर्धवार्षिक निरीक्षण कर थाना परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों, सुरक्षा संसाधनों एवं जनसुनवाई की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने और लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए।

सीओ ने थाना कार्यालय, जनसुनवाई कक्ष, मिशन शक्ति केंद्र, साइबर हेल्प डेस्क, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, बैरक एवं भोजनालय का निरीक्षण किया। इस दौरान अपराध रजिस्टर, भूमि विवाद रजिस्टर, त्यौहार रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों की जांच कर उनके सुव्यवस्थित रखरखाव एवं नियमित अद्यतन करने को कहा। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, थाना परिसर की साफ-सफाई और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
मिशन शक्ति केंद्र एवं साइबर हेल्प डेस्क पर महिलाओं से संबंधित शिकायतों और साइबर अपराध पीड़ितों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता की जानकारी ली गई। मालखाने में मुकदमों से संबंधित सामान के सुरक्षित रखरखाव एवं लंबित माल के निस्तारण तथा शस्त्रागार में हथियारों और कारतूसों की साफ-सफाई व रखरखाव की समीक्षा की गई।
जनसुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के साथ लंबित विवेचनाओं और पार्ट पीआई विवेचनाओं को निष्पक्षता से पूरा करने तथा माल निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान वर्ष 2025 बैच के प्रशिक्षु आरक्षियों से नवीन आपराधिक कानूनों, साइबर अपराध एवं पुलिस विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के संबंध में जानकारी ली गई। उन्हें तकनीकी दक्षता बढ़ाने और कानूनों के प्रति निरंतर अपडेट रहने के लिए प्रेरित किया गया।
अंत में सीओ ने पुलिसकर्मियों को कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने तथा थाने आने वाले फरियादियों एवं आगंतुकों के साथ शिष्टतापूर्ण और संवेदनशील व्यवहार अपनाते हुए उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान करने के निर्देश दिए।
