
रिपोर्टर – अमान खान
सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र
सोनभद्र। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्व नगर सह मंत्री एवं वर्तमान भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य दीपक द्विवेदी ने बजट को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में मजबूत कदम बताया। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान मजबूत हो रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक ठोस रूपरेखा है, जिसमें गरीब, किसान, मजदूर, युवा, महिलाएं और मध्यम वर्ग सहित सभी वर्गों के हितों का ध्यान रखा गया है।
दीपक द्विवेदी ने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत करने, किसानों की आय बढ़ाने, सिंचाई एवं भंडारण सुविधाओं के विस्तार और आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने के लिए बजट में प्रावधान किए गए हैं। वहीं युवाओं के लिए रोजगार, स्टार्टअप और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
उन्होंने कहा कि सड़क, रेल, हवाई अड्डे और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसे बुनियादी ढांचों में निवेश से अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। एमएसएमई क्षेत्र को मजबूती देने और उद्योगों को प्रोत्साहन मिलने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए प्रावधानों से आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
भाजपा नेता ने विश्वास जताया कि बजट आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यक्रम के समापन पर उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए विकास के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
