
संवाददाता
तेज बहादुर शर्मा
एम डी न्यूज।

बाराबंकी जनपद में चल रहे 'सड़क सुरक्षा पखवाड़ा एवं यातायात माह अभियान के बाबा गुरुकुल एकेडमी में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को यातायात के नियमों से अवगत कराना और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना था। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। यातायात प्रभारी श्री रामयतन यादव ने छात्रों को विभिन्न यातायात संकेतों के महत्व को समझाया। इसके साथ ही दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और चार पहिया वाहन में सीट बेल्ट के महत्व को बताया गया। ओवर स्पीडिंग से होने वाले खतरों पर प्रकाश डालते हुए नाबालिगों द्वारा किसी भी प्रकार का वाहन न चलाने के नियमों के प्रति भी छात्रों को सचेत किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय परिसर में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को यातायात नियमों का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से पालन करने की शपथ दिलाई गई। सभी ने यह संकल्प लिया कि वे स्वयं नियमों का पालन करेंगे और अपने परिजनों, मित्रों व आसपास के लोगों को भी सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करेंगे।
2 views
