
रिपोर्टर – अमान खान
सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र
वाराणसी।
आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) वाराणसी जोन श्री नवीन अरोरा की अध्यक्षता में 18 नवंबर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में वाराणसी जोन के सभी नौ जनपदों की चुनावी तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था एवं पुलिस संसाधनों की विस्तृत समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में आगामी चुनाव को देखते हुए पुलिस बल की उपलब्धता, जनशक्ति का आकलन, संवेदनशील एवं क्रिटिकल मतदान केंद्रों की मैपिंग तथा पुलिस लाइंस और थानों में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों की स्थिति पर विशेष चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि पुलिस बल एवं संसाधनों का सही आकलन कर कमियों को समय रहते दूर किया जाए तथा शारीरिक रूप से अक्षम पुलिसकर्मियों को चुनाव ड्यूटी से मुक्त रखने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए।
सुरक्षा उपकरणों और शस्त्रों की जांच के निर्देश
एडीजी ने पुलिस लाइंस एवं थानों में उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरणों की समीक्षा कर उन्हें कार्य योग्य, मरम्मत योग्य एवं निष्प्रयोज्य श्रेणियों में विभाजित करने के निर्देश दिए। मरम्मत योग्य उपकरणों को जल्द दुरुस्त कराने के साथ पुलिस शस्त्रों का जीपी लिस्ट से मिलान, नियमित जांच, रखरखाव एवं आवश्यक मरम्मत सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही थाना क्षेत्रों में शस्त्र लाइसेंस धारकों का भौतिक सत्यापन समय से पूरा कराने तथा पुलिसकर्मियों की क्षमता और क्षेत्र की संवेदनशीलता के अनुसार ड्यूटी निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।
अर्धसैनिक बलों की व्यवस्थाओं पर विशेष जोर
चुनाव में तैनात होने वाले अर्धसैनिक बलों के ठहरने, भोजन, आवागमन एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की अग्रिम तैयारी करने को कहा गया। क्षेत्र में सुरक्षा एवं निगरानी मजबूत बनाने के लिए फ्लाइंग स्क्वाड टीम (FST), स्टेटिक सर्विलांस टीम (SST), वीडियो सर्विलांस टीम (VST), वीडियो व्यू टीम (VVT), इंटरस्टेट एवं इंटरडिस्ट्रिक्ट बैरियर और क्लस्टर मोबाइल की तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
नामांकन से स्ट्रॉन्ग रूम तक सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी
एडीजी ने नामांकन स्थलों, मतदान केंद्रों तथा स्ट्रॉन्ग रूम की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अभी से कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया। वांछित अपराधियों एवं अन्य आपराधिक तत्वों का सत्यापन कर सूची तैयार करने तथा ‘यक्ष’ ऐप को अद्यतन रखने के भी निर्देश दिए गए, जिससे चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी बनी रहे।
बैठक में जोन के सभी परिक्षेत्रीय डीआईजी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं पुलिस अधीक्षक, नोडल चुनाव अधिकारी, चुनाव सेल प्रभारी, प्रतिसार निरीक्षक, रेडियो निरीक्षक, अभिसूचना इकाई एवं अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने सहभागिता की।
एडीजी श्री नवीन अरोरा ने सभी अधिकारियों को चुनावी तैयारियों में पूरी गंभीरता, तत्परता एवं समन्वय के साथ जुटने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर तैयारी अधूरी नहीं रहनी चाहिए। सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण की जाएं, ताकि आगामी विधानसभा निर्वाचन-2027 सुरक्षित, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जा सके।
