
रिपोर्टर – अमान खान सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र
सोनभद्र। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के साथ साइबर अपराधों से बचाव को लेकर सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 एवं साइबर जागरूकता अभियान के तहत जनपदभर में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय एवं मिशन शक्ति की नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक किया जा रहा है।
अभियान के दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है। साथ ही उन्हें किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने और जरूरत पड़ने पर पुलिस की सहायता लेने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
वहीं साइबर जागरूकता कार्यक्रमों में ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप और फिशिंग लिंक से होने वाले अपराधों के प्रति सतर्क किया जा रहा है। पुलिस लोगों को ओटीपी, बैंकिंग विवरण एवं पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक से बचने की सलाह दे रही है।
सोनभद्र पुलिस ने आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090/1091 एवं 181, साइबर अपराध के लिए 1930 और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 का उपयोग करने की अपील की है। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी भी दी जा रही है।
पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्कता बरतने की अपील की है।
“सुरक्षा आपकी, संकल्प हमारा।”
