रिपोर्टर – अमान खान

सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र
सोनभद्र। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हंगामा करने और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने 40 व्यक्तियों का धारा 34 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर न्यायालय भेजा, जबकि वाहन संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर पांच मोटरसाइकिल सीज की गईं।
पुलिस के अनुसार, रॉबर्ट्सगंज क्षेत्र के रामलीला मैदान, बढ़ौली चौराहा, अशोक नगर, बस स्टेशन, लोढ़ी, शीतला चौक, धर्मशाला, चंडी, कांशीराम आवास, सब्जी मंडी सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर कुछ लोग शराब पीकर हंगामा एवं हुड़दंग कर रहे थे। इससे आम नागरिकों को असुविधा हो रही थी और सार्वजनिक शांति व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान 40 लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके साथ ही वाहन चेकिंग के दौरान आवश्यक दस्तावेज नहीं मिलने पर पांच मोटरसाइकिलों को सीज कर दिया गया।
अभियान में प्रभारी निरीक्षक धर्मेंद्र सिंह, अपराध निरीक्षक दिन्नू प्रसाद यादव, चौकी प्रभारी कस्बा अनिल विश्वकर्मा, चौकी प्रभारी लोढ़ी उमाशंकर यादव सहित थाने के पुलिसकर्मियों की टीम शामिल रही।
सोनभद्र पुलिस ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने, शांति व्यवस्था बिगाड़ने और आमजन को परेशान करने वालों के विरुद्ध आगे भी अभियान जारी रहेगा।
