एएसपी ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने फीता काटकर किया शुभारंभ, चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार
सोनभद्र। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत सोनभद्र पुलिस की ओर से वाहन चालकों के स्वास्थ्य और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष पहल की गई। शुक्रवार को रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र में टोल प्लाजा से पहले स्थित तिराहे पर वाहन चालकों के लिए निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने फीता काटकर किया।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में आयोजित शिविर में वाहन चालकों का निःशुल्क नेत्र एवं स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान चालकों को दृष्टि एवं स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूक करते हुए नियमित जांच कराने की सलाह दी गई। एएसपी ऑपरेशन ने शिविर में उपलब्ध स्वास्थ्य परीक्षण सुविधाओं का जायजा भी लिया।
कार्यक्रम के दौरान यातायात पुलिस ने वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात नियमों की जानकारी देते हुए हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य प्रयोग पर जोर दिया। दोपहिया वाहन चालकों को स्वयं के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति को भी हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने तथा शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन कर वाहन न चलाने की अपील की गई।

इसके साथ ही निर्धारित गति सीमा का पालन करने, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने से बचने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने की हिदायत दी गई। चालकों को यह भी बताया गया कि वाहन चलाने से पहले अपनी आंखों एवं स्वास्थ्य की नियमित जांच कराएं और अस्वस्थ होने की स्थिति में वाहन चलाने से बचें।
पुलिस ने वाहन चालकों को जागरूक करते हुए कहा कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। यातायात नियमों का पालन करना केवल स्वयं की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन की रक्षा के लिए भी जरूरी है। सोनभद्र पुलिस ने सभी वाहन चालकों से सतर्कता, संयम और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की।
