ब्यूरो चीफ रफीउल्लाह खान
रामपुर। जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पिछले कई दिनों से अमृतवेले निकाली जा रही प्रभात फेरियों का शुक्रवार, 21 नवंबर 2026 को समापन हो गया। अंतिम दिन प्रभात फेरी गुरुद्वारा संत भाई जी बाबा, सिविल लाइंस रामपुर से सुबह 5:15 बजे प्रारंभ हुई। प्रभात फेरी 8 रोड स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार वाली गली में हरपाल सिंह के आवास से स्वर्गीय त्रिलोक सिंह के आवास तक पहुंची। इसके बाद अमरजीत सिंह चक्की वालों के घर से परमजीत सिंह आहूजा के आवास तक पहुंचकर आगे स्वर्गीय अतर सिंह वाली गली में धनवंत सिंह, जसपाल सिंह, हरीश अरोड़ा और गुलशन अरोड़ा के आवासों से होते हुए राजीव सहगल एवं जसमीत सिंह गुलाटी के घर पहुंची। इसके उपरांत प्रभात फेरी वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंची, जहां सुबह 7:45 बजे समापन हुआ।

प्रभात फेरी के दौरान जगह-जगह संगत ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ स्वागत किया और लंगर प्रसाद वितरित किया। मार्ग में लगातार शब्द कीर्तन एवं गुरबाणी का गायन होता रहा। प्रभात फेरी में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे शामिल हुए, जो गुरु साहिब की वाणी का गायन करते हुए चल रहे थे। प्रभात फेरी के आगे इकबाल सिंह निशान साहिब की सेवा निभा रहे थे, जबकि ठेले की सेवा निक्का सिंह द्वारा की जा रही थी।

इसी के साथ अमृतवेले निकाली जा रही प्रभात फेरियों का समापन हो गया। वहीं संगत के सहयोग से 20 जुलाई से सामूहिक रूप में सहज पाठ साहिब प्रतिदिन रात 8:45 बजे से 9:15 बजे तक किए जा रहे हैं, जिनकी समाप्ति 24 नवंबर को होगी। गत रात्रि तक सहज पाठ में 1394 पृष्ठ पढ़े जा चुके हैं।
22 नवंबर को निकलेगा भव्य नगर कीर्तन
प्रकाश पर्व के तीन दिवसीय कार्यक्रमों के अंतर्गत 22 नवंबर को गुरुद्वारा साहिब में सुबह 5:00 बजे से पाठ एवं कीर्तन दरबार सजेगा। इसके उपरांत सुबह 9:00 बजे श्री अखंड पाठ साहिब की आरंभता होगी तथा सुबह 9:30 बजे गुरुद्वारा साहिब से भव्य नगर कीर्तन (बड़ी प्रभात फेरी) निकाला जाएगा।
नगर कीर्तन जोगिंदर सिंह डिपो वालों की गली से होते हुए श्री गुरु गोविंद सिंह पार्क, गुरमीत सिंह मेहर वाली गली एवं मंदिर वाली गली के रास्ते गुरुद्वारा रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचेगा। वहां से गुरु नानक द्वार होते हुए वापस गुरुद्वारा साहिब पहुंचेगा। नगर कीर्तन के लगभग दोपहर 12:00 बजे पहुंचने की संभावना है।

नगर कीर्तन के समापन के उपरांत निशान साहिब के चोला बदलने की सेवा होगी तथा संगत के लिए लंगर वितरण किया जाएगा। गुरुद्वारा साहिब की ओर से सभी श्रद्धालुओं से प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर शामिल होकर गुरु साहिब की शिक्षाओं एवं सेवा भावना का लाभ लेने की अपील की गई।
