स्लीपर बस और आलू लदे ट्रक की टक्कर, दो की मौत, 25 घायलओवरटेक के दौरान हुआ हादसा, सात घायलों की हालत गंभीर; ग्रामीणों ने शीशे तोड़कर यात्रियों को निकालाखागा (फतेहपुर)। कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-2 पर शनिवार देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। भोगलपुर स्थित राजदरबार ढाबे के समीप ओवरटेक करने के दौरान यात्रियों से भरी टूरिस्ट स्लीपर बस आलू लदे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस परिचालक समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 20 से 25 यात्री घायल हो गए। घायलों में सात की हालत गंभीर बताई जा रही है।जानकारी के मुताबिक, बस संख्या UP 53 MT 6614 यात्रियों को लेकर बनारस जा रही थी। शनिवार रात करीब ढाई बजे भोगलपुर के पास बस चालक आलू लदे ट्रक संख्या RJ 14 GN 8053 को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था, तभी दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।बताया गया कि खागा निवासी एक यात्री को खागा में उतरना था। खागा नजदीक आने पर वह अपनी सीट से उठकर बस के आगे केबिन के पास खड़ा हो गया था। इसी दौरान हादसा होने से उसकी मौत हो गई। वहीं चालक के पीछे केबिन में सो रहे दिल्ली निवासी बस परिचालक ने भी दम तोड़ दिया।हादसे के बाद मौके पर पहुंचे भोगलपुर गांव के लोगों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया। बस के दोनों इमरजेंसी दरवाजे नहीं खुलने पर ग्रामीणों ने खिड़कियों के शीशे तोड़कर फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बाहर निकलवाया।घायलों को दो एम्बुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरदो पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सात गंभीर घायलों को फतेहपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल रहा।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed