
साण्डी (हरदोई)। नगर के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष दिनेश चंद्र गुप्ता तथा उनके अनुज समाजसेवी अनिल गुप्ता के आवास पर श्री अखंड पाठ के समापन के उपरांत विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस पावन अवसर पर बढ़ती ठंड को देखते हुए मानवता की मिसाल पेश करते हुए 251 ई-रिक्शा चालकों को गर्म स्वेटर वितरित किए गए।कार्यक्रम के दौरान आयोजकों ने सभी ई-रिक्शा चालकों को आत्मीयता के साथ फूल-माला पहनाकर सम्मानित किया। इस मौके पर पूर्व पालिका अध्यक्ष दिनेश चंद्र गुप्ता और समाजसेवी अनिल गुप्ता ने संयुक्त रूप से कहा कि कड़ाके की सर्दी के बावजूद ई-रिक्शा चालक दिन-रात सड़कों पर रहकर अपनी आजीविका चलाते हैं और नगरवासियों को आवागमन की सुगम सुविधा प्रदान करते हैं। उनकी इसी मेहनत और ठंड से बचाव को ध्यान में रखते हुए उन्हें स्वेटर भेंट कर सम्मानित करने का एक छोटा सा प्रयास किया गया है।अखंड पाठ के बाद आयोजित विशाल भंडारे में नगर व क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। इस पुनीत अवसर पर अंशुल गुप्ता, मुकेश गुप्ता, डिंपल गुप्ता सहित नगर के कई गणमान्य नागरिक, व्यापारी और कार्यकर्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
