रिपोर्टर:- विनीत तिवारी
एम डी न्यूज (लखीमपुर)
लखीमपुर खीरी। बेहजम-ओयल मार्ग पर पिपरी पेट्रोल पंप के पास सोमवार को गन्ने से भरे ट्रक को ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिला अस्पताल ले जाते समय एक घायल की रास्ते में ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायलों का इलाज कराया जा रहा है।
मृतक की पहचान बढ़रिया गांव निवासी दुर्जन सिंह (32) पुत्र सुरेश पाल सिंह के रूप में हुई है। हादसे में घायल अन्य लोगों में बढ़रिया गांव निवासी शैलेंद्र सिंह (35) पुत्र निर्मल सिंह तथा अछनियां गांव निवासी मुस्फीक (30) पुत्र मुसर्फ अली शामिल हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, दुर्जन सिंह भूलनपुर से अपने गांव बढ़रिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान बेहजम-ओयल मार्ग पर पिपरी पेट्रोल पंप के पास गन्ने से भरे ट्रक को ओवरटेक करते समय सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बताया जा रहा है कि मुस्फीक अली के साथ उनकी पत्नी और एक छोटी बच्ची भी मौजूद थीं। हादसे में दोनों को चोट नहीं आई है।
घटना की सूचना मिलने पर 112 पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। राहगीरों की मदद से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया। इसी दौरान बेहजम पुलिस चौकी प्रभारी पन्नालाल सोनी भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल भिजवाने में मदद की।
जिला अस्पताल ले जाते समय दुर्जन सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं, शैलेंद्र सिंह और मुस्फीक का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है।हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
