रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार

सोनभद्र, 24 नवंबर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के साथ आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए सोनभद्र पुलिस द्वारा मिशन शक्ति 6.0 के तहत जनपदभर में अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय/नोडल अधिकारी मेविस टॉक के पर्यवेक्षण में विभिन्न थाना क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मिशन शक्ति टीमों द्वारा विद्यालयों, महाविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों, बाजारों एवं ग्राम सभाओं में महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, गुड टच-बैड टच, आत्मरक्षा के उपाय तथा महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और सरकारी सहायता सेवाओं की जानकारी दी जा रही है।

वहीं, साइबर जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से ऑनलाइन निवेश धोखाधड़ी, सोशल मीडिया फ्रॉड, साइबर ग्रूमिंग, टेलीग्राम फ्रॉड, फर्जी ट्रेडिंग ग्रुप एवं फिशिंग लिंक से होने वाली ठगी के प्रति लोगों को सतर्क किया जा रहा है। नागरिकों को ओटीपी, बैंकिंग विवरण और पासवर्ड किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करने तथा संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी जा रही है।

पुलिस द्वारा आपातकालीन सहायता के लिए 112, महिला सुरक्षा के लिए 1090/1091 एवं 181, साइबर अपराध के लिए 1930 तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 की जानकारी भी दी जा रही है। साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

सोनभद्र पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न के विरुद्ध आवाज उठाने की अपील की है। साथ ही आमजन से साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का आग्रह किया है।

2 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *