रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार

सोनभद्र, 24 नवंबर। अग्नि दुर्घटनाओं से बचाव और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मंगलवार को रॉबर्ट्सगंज कस्बे के होटल एवं रेस्टोरेंटों में सोनभद्र पुलिस और अग्निशमन विभाग द्वारा सघन अग्नि सुरक्षा अभियान चलाया गया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण में अग्निशमन अधिकारी ने विभिन्न प्रतिष्ठानों में पहुंचकर वहां स्थापित अग्निशमन उपकरणों का निरीक्षण किया और उनकी क्रियाशीलता का परीक्षण किया।

इस दौरान होटल एवं रेस्टोरेंटों के कर्मचारियों को अग्निशमन उपकरणों के सही संचालन और उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। आग लगने की स्थिति में शुरुआती स्तर पर आग पर नियंत्रण पाने तथा सुरक्षित बचाव के तरीकों की जानकारी भी दी गई।
अग्निशमन अधिकारी ने कर्मचारियों को धुएं से भरे कमरे या भवन में फंसने की स्थिति में घबराने के बजाय नीचे झुककर अथवा रेंगते हुए सुरक्षित स्थान तक पहुंचने की सलाह दी। साथ ही आग लगने के संभावित कारणों, बचाव के उपायों और आपातकालीन स्थिति में सतर्कता बरतने के बारे में जागरूक किया गया।
होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को अग्निशमन उपकरण सदैव क्रियाशील एवं आसानी से उपलब्ध रखने तथा अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
