रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार

सोनभद्र, 24 नवंबर। ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत प्रभावी पैरवी और लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण को लेकर मंगलवार को क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा ने अपने सर्किल क्षेत्र के थानों के पैरोकारों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में न्यायालयों में विचाराधीन मामलों की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सीओ नगर ने निर्देशित किया कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत चिन्हित मामलों में साक्ष्यों का समयबद्ध संकलन, गवाहों की न्यायालय में उपस्थिति और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित की जाए, ताकि अभियुक्तों को नियमानुसार सजा दिलाई जा सके।

उन्होंने टॉप-10 अपराधियों, गैंगस्टर एक्ट एवं अन्य गंभीर अपराधों से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराने पर जोर दिया। साथ ही न्यायालय में लंबित प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा पुलिस और अभियोजन विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
सीओ नगर ने सभी पैरोकारों को अभिलेख अद्यतन रखने और प्रत्येक मामले की प्रगति से उच्चाधिकारियों को नियमित रूप से अवगत कराने को कहा।
