रिपोर्ट – दीपक कुमार
नौहझील (मथुरा)। प्रदेश सरकार के महत्वाकांक्षी अभियान ‘मिशन शक्ति’ के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर थाना नौहझील पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। इसी क्रम में मंगलवार को थाना नौहझील की मिशन शक्ति टीम ने कस्बा नौहझील में विशेष जन-जागरूकता अभियान चलाया।

अभियान का नेतृत्व कर रहीं उपनिरीक्षक (SI) ज्योति और पीआरडी (PRD) ओमवती ने कस्बे की महिलाओं व बालिकाओं से सीधा संवाद स्थापित किया। इस दौरान टीम ने उन्हें वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों (Cyber Crime) से बचने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस सहायता पाने के लिए शासन द्वारा जारी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—जैसे वूमेन पावर लाइन (1090), पुलिस आपातकालीन सेवा (112), साइबर हेल्पलाइन (1930), और महिला हेल्पलाइन (181)—का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।

इसके अतिरिक्त, टीम ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की भी जानकारी दी और उनका लाभ उठाने की प्रक्रिया समझाई। पुलिस की इस सक्रियता और संवेदनशील पहल की स्थानीय लोगों व महिलाओं ने जमकर सराहना की।

