रिपोर्ट – अनुज कुमार एमडी न्यूज
प्रयागराज । प्रयागराज- वाराणसी मार्ग पर हंडिया थाना क्षेत्र के भेस्की स्थित पेट्रोल पंप के पास बस और स्कॉर्पियो के बीच हुई ओवरटेकिंग में बस पलटने से एक बुजुर्ग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बस और स्कॉर्पियो में सवार कई लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदाबाद भिजवाया। मृतक की पहचान ऋषि उर्फ रिखी राम यादव पुत्र मुन्नी लाल (61 वर्ष), निवासी रानियाँ डीह, थाना उतरांव, प्रयागराज के रूप में हुई है। बताया जाता है कि रिखी राम तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके परिवार में तीन बेटियां और एक बेटा है। करीब दो वर्ष पहले उनकी पत्नी का भी निधन हो चुका था।

वह प्रयागराज शहर की एक दुकान पर दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। रिखी राम हंडिया की ओर एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। बुधवार को समारोह से वापस लौटते समय वह एक निजी बस में सवार होकर अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान भेस्की पेट्रोल पंप के पास वाराणसी-प्रयागराज हाईवे पर बस और स्कॉर्पियो के बीच ओवरटेकिंग को लेकर हादसा हो गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार रिखी राम की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसे में बस सवार करीब पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि अन्य यात्रियों को हल्की-फुल्की चोटें आई हैं। वहीं स्कॉर्पियो में सवार दो लोग भी घायल हुए हैं।

सभी घायलों को एंबुलेंस और अन्य वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदाबाद पहुंचाया गया, है। जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। घटना की सूचना पर एसीपी हंडिया शेषधर पांडेय और इंस्पेक्टर ओमप्रकाश पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। हादसे में ऋषि यादव की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी को पहले ही खो चुके ऋषि यादव के पीछे अब तीन बेटियां और एक बेटा रह गए हैं। वाहन वेरीकेडिंग तोड़ते हुए खजूर के पेड़ भी तोड़ते हुए पलट गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं। वहीं बुजुर्ग की मौत से परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है।
