रिपोर्ट- यूसुफ

रामपुर। दिनांक 25 नवंबर 2026 को भारतीय किसान यूनियन अंबावता के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी जिला कलेक्ट्रेट परिसर स्थित पार्क में एकत्र हुए। इस दौरान किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक के बाद किसानों ने अपनी पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जिलाधिकारी के नाम सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। सिटी मजिस्ट्रेट ने सभी बिंदुओं पर जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

इस दौरान किसानों ने सीढ़ियों पर चढ़कर जोरदार नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को उठाया। सभा को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष मोहम्मद सलीम वारसी ने कहा कि बिलासपुर स्थित रुद्र विलास चीनी मिल की मशीनें जर्जर अवस्था में हैं। कई वर्षों से किसान मिल के नवीनीकरण और मशीनों को बदलवाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।

उन्होंने कहा कि 16 नवंबर को चीनी मिल का उद्घाटन होने के बावजूद अब तक लगभग डेढ़ सौ ट्रॉलियां गन्ने की पेराई नहीं हो पाई हैं। किसानों का गन्ना खेतों में सूख रहा है। समय पर गन्ने की पर्चियां नहीं मिल रही हैं और न ही खेतों से गन्ने का उठान हो पा रहा है। इससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है तथा गन्ने की खेती के प्रति किसानों का रुझान कम हो रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से चीनी मिल की मशीनों को तत्काल बदलवाने की मांग की।

इसके अलावा उन्होंने रामपुर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में लगाए गए स्मार्ट मीटरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों और आम उपभोक्ताओं के घरेलू बिजली बिल अधिक आने की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटरों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

सभा में ग्राम रामपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चिकित्सा प्रभारी डॉ. सीमा के व्यवहार को लेकर भी शिकायत उठाई गई। किसान नेताओं ने गरीब किसान एवं मजदूर मरीजों के साथ कथित दुर्व्यवहार की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की।

किसान नेताओं ने जिले में डीएपी और एनपीके खाद की उपलब्धता की कमी, तहसील, थाना और ब्लॉक स्तर पर कथित भ्रष्टाचार तथा स्वास्थ्य विभाग में रिश्वतखोरी और अवैध अस्पतालों के संचालन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने संबंधित विभागों से इन समस्याओं पर तत्काल ध्यान देने की मांग की।

इसके साथ ही वन विभाग में कथित मिलीभगत से अवैध कटान का मुद्दा उठाते हुए बताया गया कि बरेली में 26 नवंबर को प्रस्तावित धरना प्रदर्शन अब 30 नवंबर 2026 को मुख्य वन संरक्षक, रोहिलखंड जोन, बरेली के कार्यालय पर आयोजित किया जाएगा।

किसान नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन आंदोलन करने के लिए बाध्य होगा।

इस दौरान मुख्य रूप से मोहम्मद अहमद प्रधान, सतनाम सिंह, यमला प्रसाद, आकिल खान, इमरान खान, जुल्फिकार, मोहम्मद रफी, रईस अहमद, अशरफ अली, लियाकत खान, मधु भजन, खुर्शीद अहमद, हरपाल सिंह यादव, शकील अहमद, उषा देवी, शफीक अहमद, इकराम, वेदराम सिंह, संतवंत सिंह, सलीम उर्फ लाला, गुफरान अली, सिवान अहमद, पप्पू दिवाकर, विरासत अहमद, रियासत अली, भोलेनाथ, हर प्रसाद, खलील अहमद, आरिफ अली, मोहम्मद अली, महमूद अली एवं सिद्दीक अहमद सहित अनेक किसान एवं संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *