दशाश्वमेध घाट पर 51 हजार दीपों से जगमगाई काशी, 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने की मां गंगा की महाआरती

अमर बलिदानी जवानों के परिजनों को भगीरथ शौर्य सम्मान, एक-एक लाख रुपये की सहायता और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाएगी गंगा सेवा निधि

वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध देव दीपावली महोत्सव पर मंगलवार को दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि की ओर से भव्य आयोजन किया गया। 51 हजार दीपों और 21 कुंतल फूल-मालाओं से दशाश्वमेध घाट सहित आसपास के घाट जगमगा उठे। 21 अर्चकों और 42 देव कन्याओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच मां गंगा की भव्य महाआरती की। श्री राम जन्म योगी के 4 मिनट 21 सेकंड के शंखनाद और काशी विश्वनाथ डमरू दल की प्रस्तुति ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर 20 फीट ऊंची अमर जवान ज्योति की प्रतिकृति स्थापित कर देश के अमर बलिदानी जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। 39 जीटीसी के बैंड की धुन पर जवानों ने लास्ट पोस्ट और गार्ड ऑफ ऑनर दिया। संस्था की ओर से रेलवे सुरक्षा बल के अमर बलिदानी कांस्टेबल उताउर रहमान खान एवं कांस्टेबल कोलाहल यादव तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के अमर बलिदानी शशिकांत सिंह एवं रामबिलास सिंह यादव के परिजनों को भगीरथ शौर्य सम्मान प्रदान किया गया। प्रत्येक परिवार को एक-एक लाख रुपये का चेक भी दिया गया। गंगा सेवा निधि ने इन बलिदानियों के बच्चों की कक्षा छह से 12वीं तक की शिक्षा का पूरा खर्च उठाने की जिम्मेदारी भी ली।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट जनरल संजय मित्रा (AVMS), कार्यक्रम अध्यक्ष सीआरपीएफ महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह, अति विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री रवींद्र जायसवाल, बीएसएफ महानिदेशक प्रवीण कुमार, ब्रिगेडियर उमेश ए. परब, एयर कमोडोर सुरेंद्र मलिक वी.एम., श्रीमती मृदुला सक्सेना, दीपक कुमार (IPS), अनिल कुमार मिश्रा (IG), कमांडेंट राजेश्वर बालापुरकर, कमांडेंट अनुप सिंह बिष्ट, इंस्पेक्टर भुनेश्वरी तथा ब्रिगेडियर जयदीप चंदा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
भारत सेवाश्रम संघ के स्वामी पुण्यानंद जी महाराज, स्वामी ब्रह्मानंद जी महाराज और स्वामी महात्मा नंद जी महाराज की भी सहभागिता रही। गायक डॉ. रेवती साकलकर, पद्मश्री अनूप जलोटा, देवेंद्र कुमार भारती, हिमांशु तिवारी और अमरजीत सिंह ने भजन, संगीत एवं राष्ट्रगीत प्रस्तुत किए।
गंगा की स्वच्छता और जल संरक्षण के लिए संस्था ने ‘एक संकल्प गंगा किनारे’ अभियान के तहत श्रद्धालुओं को संकल्प दिलाया। सुरक्षा के लिए 30 सीसीटीवी कैमरे, गंगा सेवा निधि के 150 स्वयंसेवक, भारत सेवाश्रम संघ के 100 स्वयंसेवक, चिकित्सकीय टीम, एंबुलेंस और एनडीआरएफ की वाटर एंबुलेंस तैनात रही।
कार्यक्रम में गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्र ने अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का स्वागत किया। इस दौरान श्याम लाल सिंह, इन्दुशेखर शर्मा, सुरजीत सिंह, हनुमान यादव, पंकज अग्रवाल, विनोद श्रीवास्तव, सिद्धार्थ श्रीवास्तव, अरुण अग्रवाल, डॉ. रजत सिंह, अंजनी कुमार पांडेय एवं अवनी कुमार धर सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *