
MD NEWS बहुआयामी समाचार
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले) मुजफ्फरनगर
मुजफ्फरनगर। लोकतंत्र को मजबूत बनाने और प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान के अधिकार से जोड़ने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जनपद में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान-2027 के तहत मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी क्रम में 27 नवंबर को राजकीय जिला पुस्तकालय परिसर मुजफ्फरनगर में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ।

जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील कुमार सिंह तथा अपर जिलाधिकारी प्रशासन एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी देश दीपक सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. राजीव कुमार ने नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम और विवरण जांचने के लिए जागरूक किया। उन्होंने बताया कि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना बेहद जरूरी है। नाम शामिल नहीं होने पर फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराया जा सकता है। वहीं अपात्र अथवा मृत व्यक्तियों के नाम हटवाने और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन भी कराया जा सकता है।
28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस
निर्वाचन विभाग के अनुसार 28 एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। इस दौरान बूथ लेवल अधिकारी (BLO) प्रातः 10 बजे से अपराह्न 4 बजे तक अपने मतदान केंद्रों पर आलेख्य मतदाता सूची के साथ उपस्थित रहेंगे। नागरिक मौके पर पहुंचकर अपना नाम और विवरण जांच सकते हैं।
18 वर्ष के युवाओं के लिए भी मौका
मतदाता बनने के लिए भारतीय नागरिक होना, संबंधित निर्वाचन क्षेत्र का सामान्य निवासी होना तथा 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूरी करना आवश्यक है। आवेदन के लिए आयु एवं पते का प्रमाण और रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो जरूरी है।
नागरिक https://voters.eci.gov.in वेबसाइट अथवा ECINET मोबाइल एप के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं। सहायता के लिए निर्वाचन आयोग की टोल फ्री हेल्पलाइन 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
कार्यक्रम में डॉ. रणवीर सिंह, प्रभारी राजकीय जिला पुस्तकालय, प्रवेंद्र दहिया, चेयरमैन मेरा वजूद फाउंडेशन सहित युवा उपस्थित रहे।
प्रशासन की अपील है कि प्रत्येक पात्र नागरिक अपना और परिवार के सभी सदस्यों का नाम मतदाता सूची में अवश्य जांचें, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
