रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार

सोनभद्र, 27 नवंबर। थाना पन्नूगंज पुलिस की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार दो लोगों की कुल 1 लाख 20 हजार रुपये की धनराशि उनके मूल बैंक खातों में वापस कराई है। पुलिस की इस कार्रवाई से दोनों पीड़ितों को राहत मिली है।
पुलिस के अनुसार, रामगढ़ निवासी साधना के साथ साइबर ठगी कर 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई थी। वहीं, भवानी निवासी विश्वनाथ पाण्डेय के खाते से 50 हजार रुपये की ठगी हुई थी। शिकायत मिलने पर पन्नूगंज पुलिस की साइबर टीम ने एनसीआरपी पोर्टल पर दोनों मामलों का तत्काल संज्ञान लिया और संबंधित बैंक खातों में धनराशि होल्ड कराई।

इसके बाद पुलिस टीम ने लेन-देन से जुड़े आवश्यक साक्ष्य जुटाए और संबंधित बैंकों से ई-मेल एवं पत्राचार के माध्यम से समन्वय स्थापित किया। प्रभावी कार्रवाई के परिणामस्वरूप साधना को 70 हजार रुपये तथा विश्वनाथ पाण्डेय को 50 हजार रुपये की पूरी धनराशि वापस मिल गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक पन्नूगंज श्रीनिवास पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। धनराशि वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने पुलिस एवं साइबर टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
धनराशि वापस कराने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पाण्डेय और कांस्टेबल सूर्या सिंह शामिल रहे। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे आधार, पैन, बैंक विवरण, पासवर्ड, ओटीपी और एटीएम कार्ड से जुड़ी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें। साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
