रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार

सोनभद्र, 27 नवंबर। नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी प्रवेश पत्र और नियुक्ति पत्र तैयार कर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में थाना रायपुर पुलिस ने वांछित हिस्ट्रीशीटर मनोज कुमार पाण्डेय को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन और होंडा साइन मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी द्वारा उत्तर प्रदेश में 7 से 8 लोगों से करीब 55 लाख रुपये की धोखाधड़ी किए जाने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस के मुताबिक, 26 नवंबर को देवरिया निवासी दयानंद शर्मा ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम रायपुर निवासी मनोज कुमार पाण्डेय और उसके सहयोगियों ने भारतीय खाद्य निगम (FCI) में असिस्टेंट (AG-III) के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। इसके एवज में 10 लाख रुपये मांगे गए थे, जिसमें से शिकायतकर्ता ने अलग-अलग किस्तों में नकद और बैंक खाते के माध्यम से 8 लाख 14 हजार रुपये दे दिए थे।
आरोप है कि इसके बाद इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस की मदद से तैयार फर्जी एडमिट कार्ड और नियुक्ति पत्र दिया गया। दस्तावेजों के फर्जी होने का संदेह होने पर शिकायतकर्ता ने शेष दो लाख रुपये देने से मना कर दिया और अपनी रकम वापस मांगी, तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को 27 नवंबर की सुबह 7:40 बजे बुढ़िवार पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया। आरोपी थाना रायपुर का हिस्ट्रीशीटर है और उसके विरुद्ध पूर्व में भी धोखाधड़ी सहित विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी स्वयं को रेलवे के डीआरएम का स्टेनो बताकर रेलवे और एफसीआई में नौकरी दिलाने के नाम पर उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के लोगों को ठगने के आरोपों में भी सामने आया है।
गिरफ्तार आरोपी मनोज कुमार पाण्डेय पुत्र वीरेंद्र बहादुर पाण्डेय निवासी ग्राम रायपुर के विरुद्ध पुलिस द्वारा विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम का नेतृत्व प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार चौरसिया ने किया।
