रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार

सोनभद्र, 27 नवंबर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन शुद्धि के तहत रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 25 किलोग्राम गांजा, 6 ग्राम हेरोइन, 24,200 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और तस्करी में इस्तेमाल दो कारें बरामद की हैं। बरामदगी की कुल अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर कुमार मिश्र के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 27 नवंबर को चुर्क जाने वाली सड़क पर ग्राम सहिजन स्थित शराब भट्ठी के सामने संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. उमर उर्फ बब्लू खान निवासी बहुअरा (हिन्दुआरी), अंशू गिरी उर्फ गोलू निवासी परसिया (रामगढ़) और पुष्पराज यादव उर्फ श्याम निवासी जैत, थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से 25 बंडलों में रखा 25 किलोग्राम गांजा, 6 ग्राम हेरोइन और हेरोइन की खरीद-बिक्री से बची 24,200 रुपये की नकदी बरामद हुई।

इसके अलावा बिना नंबर प्लेट की सिल्वर रंग की होंडा सिटी और एक टाटा पंच कार भी बरामद कर सीज की गई है। इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज पर मु0अ0सं0-952/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं और धारा 61(2)(ए) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी मिली है। नशीले पदार्थों के स्रोत और तस्करी नेटवर्क की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न मामलों में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

कार्रवाई में एसओजी प्रभारी निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा, प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज धर्मेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक धर्मनारायण भार्गव, उमाशंकर यादव सहित पुलिस और एसओजी की टीम शामिल रही।

2 views

By MD News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *