
रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार
सोनभद्र, 27 नवंबर। थाना पिपरी पुलिस ने करीब 1.63 करोड़ रुपये मूल्य के 34.850 टन एल्यूमिनियम चोरी के मामले का महज 15 दिनों में खुलासा करते हुए महाराष्ट्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी किया गया पूरा एल्यूमिनियम और उसके परिवहन में इस्तेमाल ट्रक भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी पिपरी विनय प्रभाकर साहनी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। थाना पिपरी में मु0अ0सं0-207/2026 के तहत दर्ज मामले की जांच के दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र के नासिक जनपद निवासी सचिन अशोक शेलके (26) और नवनाथ अशोक शेलके (25) को 24 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों को महाराष्ट्र में गिरफ्तारी के बाद न्यायालय से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त कर 25 नवंबर को सोनभद्र लाया गया। पुलिस के अनुसार, चोरी किए गए 34.850 टन एल्यूमिनियम की अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 63 लाख रुपये है। पुलिस ने शत-प्रतिशत माल ट्रक सहित बरामद कर लिया है।
इस मामले में धारा 316(3), 3(5), 338, 336(2), 340(2), 61(2), 317(2) और 317(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस द्वारा अग्रिम विधिक कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष पिपरी अजय कुमार श्रीवास्तव, उपनिरीक्षक नवनीत कुमार चौरसिया, उपनिरीक्षक अनिल तिवारी, हेड कांस्टेबल शेषनाथ पाण्डेय सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
