रिपोर्टर – अमान खान | सहायक ब्यूरो प्रमुख, सोनभद्र | एमडी न्यूज – बहुआयामी समाचार
सोनभद्र, 28 नवंबर। यातायात जागरूकता माह के तहत सोनभद्र पुलिस ने ध्वनि प्रदूषण के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 500 से अधिक प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न, हूटर और मानक के विपरीत साइलेंसर सहित अन्य उपकरणों को बुलडोजर से नष्ट कराया। यह कार्रवाई बढ़ौली चौराहे पर जनपदीय पुलिस और यातायात पुलिस की मौजूदगी में की गई।

पुलिस के अनुसार, यातायात माह के दौरान विभिन्न वाहनों से जब्त किए गए इन प्रतिबंधित उपकरणों का शनिवार को सार्वजनिक रूप से विनष्टीकरण कराया गया। कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात सुधीर सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा और प्रभारी निरीक्षक यातायात नरेंद्र सिंह मौजूद रहे।
पुलिस ने वाहन चालकों और आमजन से अपील की है कि वे अपने वाहनों में प्रतिबंधित प्रेशर हॉर्न, हूटर और मानक के विपरीत साइलेंसर का इस्तेमाल न करें। ऐसा करते पाए जाने पर संबंधित वाहन स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सोनभद्र पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने, ध्वनि प्रदूषण से बचने और सुरक्षित एवं जिम्मेदार वाहन चालक बनने की अपील की है।
