ग्राम पंचायत कबरा सलेमपुर की प्रधान कतुकी देवी के पति धर्मराज ने अपनी बोगस फर्म के एकाउंट में लाखों रुपए किए ट्रांसफर।

डीएम को भेजी रिपोर्ट में एसडीएम कलान द्वारा फर्जीवाड़े की हुयी पुष्टि।
शाहजहांपुर।जिले की ग्राम पंचायतों में किये गए भ्रष्टाचार की परतें अब खुलने लगी हैं,क्योंकि प्रधानी का चुनाव जैसे-जैसे करीब आ रहा है।शिकायतें भी बढ़ती ही जा रही हैं।ऐसा ही एक मामला तहसील कलान के विकास खण्ड मिर्जापुर की ग्राम पंचायत कबरा सलेमपुर से निकल कर सामने आया है।
ग्राम पंचायत के ही रहने वाले शिकायतकर्ता प्रेमशंकर एडवोकेट द्वारा एसडीएम को लिखित शिकायती पत्र देकर ग्राम पंचायत में हुए भ्रष्टाचार की जांच कराए जाने की गुहार लगाई गई थी।शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए शिकायती पत्र में बताया गया था कि प्रधान पति द्वारा ग्राम पंचायत में बिना काम कराए ही अपनी बोगस फर्म के एकाउंट में लाखों रुपए ट्रांसफर कर लिए गए हैं।


एसडीएम ने तहसीलदार कलान से जब मामले की जांच करायी तो जांच में फर्जीवाड़ा निकल कर सामने आया।प्रार्थना पत्र के आधार पर जब एसडीएम कलान द्वारा ग्राम पंचायत कबरा सलेमपुर की प्रधान कतुकी देवी द्वारा कराए गए विकास कार्यों और किए गए पेमेंट से संबंधित खातों की जांच की गई तो बहुत बड़ा फर्जीवाड़ा निकल कर सामने आ गया।जांच के दौरान अभिलेखों में दर्शाया गया कि विकास कार्यों में जो भी मैटीरियल खरीदा गया है।वह ग्राम सथरी कलान से परौर रोड पर स्थित प्रधान बिल्डिंग मटेरियल फर्म से लिया गया है, लेकिन स्थलीय जांच में ऐसी कोई फर्म और दुकान मौके पर नहीं पायी गयी।

प्रधान पति ने बोगस फर्म के खाते में ट्रांसफर किए लाखों रुपए
कलान।
तहसीलदार कलान जांच में यह भी निकल कर सामने आया कि प्रधान पति धर्मराज द्वारा प्रधान बिल्डिंग मटेरियल के नाम से एक बोगस फर्म बनाई गयी।जिसका खाता बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा कलान में खुलवाया गया।प्रधान पति धर्मराज द्वारा ग्राम पंचायत में फर्जी कार्य दर्शाते हुए प्रधान बिल्डिंग मटेरियल के नाम से कूट रचित बिल,वाउचर बनाकर अपनी फर्म के खाता संख्या- 12570200000491 में 6 लाख 54 हजार 128 रुपए का अवैध रूप से भुगतान किया गया है प्रधान कतुकी व प्रधान पति धर्मराज द्वारा अपनी ही फर्जी फर्म में सरकारी धनराशि का दुरुपयोग करते हुए और वित्तीय अनियमितता की गई है।जांच के दौरान की गई शिकायत सही पाई गई।
सूत्रों की माने तो इसके अतिरिक्त भी लाखों रुपए इसी तरह फर्जी फर्म बनाकर कथित तौर पर भ्रष्टाचार किया गया है,हालांकि अब जांच में भ्रष्टाचार पाए जाने पर जांच अधिकारी द्वारा अपनी रिपोर्ट एसडीएम के माध्यम से जिलाधिकारी को सौंपी गई है। ऐसे में अब सवाल उठता है कि भ्रष्टाचारी प्रधान और पति पर क्या कार्रवाई होती है ?
वहीं जब इस संबंध में कलान के एसडीएम अभिषेक प्रताप सिंह से बात की गई तो उन्होंने बताया कि मामले की जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी गई है।पंचायती राज अधिनियम के तहत उच्चाधिकारियों द्वारा आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *