एम डी न्यूज़ वेद प्रकाश राजपूत ब्यूरो चीफ अयोध्या की रिपोर्ट
रुदौली कोतवाली अंतर्गत भेलसर चौकी क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित मकवापुर के पास शनिवार को हुए भीषण सड़क हादसे में 20 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मृतका के परिवार में मातम छा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अज्ञात वाहन ने बाइक सवारों को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर बिखर गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने घायलों को सड़क से हटाकर पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। मिली जानकारी के अनुसार ओमकार यादव की पुत्री नेहा (20) अपने गांव के ही रवि कुमार पुत्र रमेश रावत, निवासी ग्राम मेहनौरा (मीसा) के साथ शनिवार शाम लगभग चार बजे बाइक से रुदौली सामान लेने जा रही थी। जैसे ही वे मकवापुर के पास हाईवे पर पहुंचे की पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंचे भेलसर चौकी प्रभारी युवराज सिंह ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा, लेकिन रास्ते में ही नेहा की मौत हो गई। वहीं रवि की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज चल रहा है। बताया गया कि मृतका नेहा के सगे भाई कुलदीप की अगले दिन शादी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, लेकिन इस हादसे ने सारी खुशियाँ मातम में बदल दीं। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों ने हाईवे पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *