रिपोर्टर, अमित दीक्षित 

शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश – निगोही थाना क्षेत्र के संडा खास गांव में एक 24 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। महिला के पिता ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है, जबकि पति इसे बीमारी से हुई मौत बता रहा है। मृतका की पहचान शारदा के रूप में हुई है, जिसकी शादी 26 मई 2022 को संडा खास गांव के हरीशचंद्र से हुई थी। शारदा के पिता श्रीकृष्ण, जो पीलीभीत के बरखेड़ा के रहने वाले हैं, ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज में बुलेट बाइक और दो लाख रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर वे उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित करते थे।

उन्होंने बताया कि 13 जून को शारदा ने एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से एक बेटे को जन्म दिया था। पिता का आरोप है कि कुछ दिनों बाद उनके नाती की हत्या कर दी गई और बृहस्पतिवार रात उनकी बेटी को भी मार डाला गया। वहीं, पति हरीशचंद्र ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि शारदा की मौत एक गंभीर बीमारी के कारण हुई है। उसने बताया कि बृहस्पतिवार रात शारदा को खून की उल्टियाँ हुईं, जिसके बाद उसे तुरंत सीएचसी ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में थाना प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि पिता की शिकायत के आधार पर महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *