अंकुल प्रजापति बिजनौर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस की कथित बदसलूकी के विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। यह मामला 23 सितंबर का है, जब कांग्रेस जिलाध्यक्ष हेनरिता सिंह और अन्य नेताओं को हाउस अरेस्ट किया गया था। आरोप है कि इस दौरान पुलिस ने हेनरिता सिंह, पूर्व मंत्री ओमवती देवी और उनके ससुर, रिटायर्ड आईएएस आरके सिंह के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें घर से बाहर नही निकलने दिया। शुक्रवार को पुलिस प्रशासन के रवैये के खिलाफ ज्ञापन सौंपने के लिए सैकड़ो कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी कार्यालय पर एकत्रित हुए। शहर कोतवाली पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया और कार्यकर्ताओं को बाहर निकलने से रोका।इस दौरान कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक हुई। विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। काफी मशक्कत के बाद, कांग्रेस कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचने में सफल रहे। उन्होंने जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपकर पुलिस कार्रवाई की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है और उनकी आवाज दबाने का प्रयास है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ऐसी घटनाएं दोहराई गईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।प्रदर्शन में शहर अध्यक्ष हुमायूं बेग, मीनू गोयल, फरीद खान, अनिल त्यागी, अकरम खान, नजाकत अल्वी, अब्दुल समद आजाद सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

