कमांडो रहे मुख्य अतिथि, भक्तों ने भजनों का आनंद लिया
हरेन्द्र प्रताप सिंह
बस्तौली खीरी। लखीमपुर खीरी जिले के बिजुआ ब्लॉक में इन दिनों माता के जागरणों का आयोजन किया जा रहा है। रविवार को बिजुआ ब्लॉक के कस्बा पड़रिया तुला में हुए जागरण में राधा-कृष्ण, शिव-पार्वती, मां दुर्गा और मां काली सहित विभिन्न देवी-देवताओं की आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने भक्तों का मन मोह लिया।

इस कार्यक्रम में समाजसेवी और भारतीय अर्द्ध सेना के अंग कमांडो ओमकार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
जागरण में श्रीकृष्ण के जन्म के समय हुई कठिनाइयों को भी झांकियों के माध्यम से दर्शाया गया। ब्लॉक क्षेत्र में लगभग 55 स्थानों पर मां भगवती के जागरण आयोजित किए जा रहे हैं।
कमांडो ओमकार सिंह ने समाज सेवा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह एक पुण्य कार्य है, जिससे लोग अमर हो जाते हैं और सदियों तक याद किए जाते हैं। उन्होंने सामाजिक बुराइयों को दूर करने और लोगों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर सैकड़ों भक्तों ने माता के जागरण में शामिल होकर सुंदर भजनों और झांकियों का आनंद लिया।
