भीरा में 4 दिन से युवक गायब, पुलिस कर रही तलाश

हरेन्द्र प्रताप सिंह

बिजुआ खीरी भीरा थाना क्षेत्र से चार दिन पहले लापता हुए 35 वर्षीय युवक रमेश कुमार की तलाश जारी है। युवक की चप्पलें शारदा नदी के किनारे भीरा-पलिया पुल के पास मिली हैं, जिसके बाद पुलिस और पीएसी बाढ़ राहत दल नदी में उसकी खोज कर रहे हैं। हालांकि, अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

जगनपुरवा गांव निवासी रामनरेश ने भीरा थाने में शिकायत दर्ज कराई है कि उनका भाई रमेश कुमार 26 सितंबर 2025 की सुबह करीब 6 बजे बिना बताए घर से चला गया था। परिजनों ने सभी संभावित स्थानों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

लापता होने के अगले दिन, 27 सितंबर की दोपहर करीब 1 बजे, भीरा-पलिया शारदा पुल के पास शारदा नदी के किनारे एक जोड़ी चप्पलें मिलीं। परिजनों ने इन चप्पलों की पहचान रमेश द्वारा पहनी जाने वाली चप्पलों के रूप में की। सूचना मिलने पर पुलिस और तहसील प्रशासन ने पीएचसी बाढ़ राहत दल को बुलाया, जिसने स्टीमर के माध्यम से शारदा नदी में युवक की तलाश शुरू की।

भीरा थाना प्रभारी गोपाल नारायण सिंह ने बताया कि युवक की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है। उन्होंने पुष्टि की कि लापता व्यक्ति की चप्पलें शारदा पुल के पास मिली हैं और बोट के जरिए लगातार तलाश की जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि अभी तक युवक का पता नहीं चल पाया है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *