” देव दीपावली के पूर्व नमामि गंगे और नगर निगम ने कसी कमर, गंगा घाटों पर चला स्वच्छता अभियान ” वाराणसी से संवादाता सहायक ब्यूरो सलीम जावेद ” सिंधिया घाट से मणिकर्णिका घाट तक चलायी स्वच्छता की मुहिम, काशीवासियों को गंगा स्वच्छता से जुड़ने की अपील ” देव दीपावली के पूर्व सोमवार को नमामि गंगे व नगर निगम ने सिंधिया घाट से मणिकर्णिका घाट तक स्वच्छता की मुहिम चलाई साथ ही काशीवासियों को गंगा स्वच्छता से जुड़ने की अपील की गई है। काशी के घाटों को स्वच्छ रखने के लिए आयोजित विशेष सफाई अभियान में जनता भी जुड़ी । नमामि गंगे ने अभियान चलाकर घाटों की सफाई के साथ जागरूकता की। स्वच्छता अभियान के तहत घाटों पर जगह- जगह फेंके गए कूड़े कचरे को भी नमामि गंगे के सदस्यों ने उनके सही स्थान नगर निगम की कूड़ागाड़ी तक पहुंचाया‌। घाटों पर श्रमदान के बाद वहां उपस्थित पर्यटकों और आम लोगों को गंगा और घाटों को स्वच्छ रखने की शपथ भी दिलाई गई।पतित पावनी मां गंगा की अविरल धारा को निर्मलता के साथ बहने और उनको हमेशा स्वच्छ रखने के लिए सभी संकल्पबद्ध हुए। ‌गंगा मैया की जय के बीच नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला के नेतृत्व में सभी ने ‘सबका साथ हो, गंगा साफ हो’ के नारे संग प्रत्येक काशीवासी को गंगा स्वच्छता से जुड़ने की अपील की ‌गई। गंगा सेवक राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा सफाई अभियान के लिए युवाओं और माताओं-बहनों का उत्साह मां गंगा के लिए बड़ा लाभकारी है। स्वच्छता की प्रतिबद्धता के लिए संकल्प, साफ-सफाई और जागरूकता से अपनी गंगा नित निर्मलीकरण की ओर अग्रसर होंगी। आयोजन का मूल उद्देश्य गंगा से सबको जोड़ना है। उन्होंने कहा कि गंगा स्वच्छता के लिए जन सहभागिता बहुत जरूरी है। आयोजन में प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एम्बेसडर राजेश शुक्ला, आदर्श श्रीवास्तव, शिवम त्रिपाठी, विंस पटेल, सत्यम अग्रवाल एवं नगर निगम के कर्मचारी शामिल रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *