MD News बहुआयामी सामाचार चैनल रिपोर्टिंग इंचार्ज फतेहपुर रवि रावत जनपद (बाराबंकी)
फतेहपुर (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दोहाई में गुरुवार शाम जमीन विवाद को लेकर एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया गया। इस घटना में शैलेंद्र कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पीड़ित अवधेश कुमार द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। बताया गया कि शैलेंद्र कुमार गांव में बने मंदिर के पास खड़े थे, तभी गांव के ही धर्मेंद्र उर्फ मुंडी, उत्कर्ष उर्फ मन्ना, सर्वेश, महेंद्र, अनीता, रिंकी और सुनीता मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने लाठी, डंडे, सरिया और वांका से लैस होकर शैलेंद्र पर हमला कर दिया और उन्हें चारों तरफ से घेर कर बेरहमी से पीटा।
शोर सुनकर अवधेश कुमार, वेवी और सुनीता बीच-बचाव करने पहुंचे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें भी मारपीट कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायल शैलेंद्र को परिजनों ने फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां से उनकी हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल भेज दिया गया।
तहरीर में यह भी बताया गया है कि आरोपी लगातार गालियां देते हुए धमकी दे रहे थे कि यदि जमीन संबंधी मुकदमे में पैरवी की गई तो जान से मार देंगे। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने सुरक्षा और कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए थाने में शिकायत दर्ज कराई।
इस संबंध में थाना प्रभारी आशुतोष कुमार मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

