MD News बहुआयामी सामाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख
रोहित जैन जनपद मुजफ्फरनगर

मुज़फ्फरनगर। मेरठ के 44वीं वाहिनी पीएसी के क्रिकेट ग्राउंड पर आयोजित मेरठ ज़ोन पुलिस क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब इस बार मुज़फ्फरनगर पुलिस टीम के नाम रहा। रोमांचक फाइनल मुकाबले में मुज़फ्फरनगर ने हापुड़ पुलिस टीम को 13 रनों से हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मैच के बाद एडीजी मेरठ ज़ोन भानु भास्कर ने विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी प्रदान कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

फाइनल में दिखा जबरदस्त रोमांच
पहले बल्लेबाज़ी करते हुए मुज़फ्फरनगर पुलिस टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 165 रन बनाए। मुख्य आरक्षी मंजीत ने शानदार 55 रनों की पारी खेली, जबकि अंकित त्यागी ने सिर्फ 12 गेंदों पर 27 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी हापुड़ टीम 19.2 ओवर में 152 रन पर ऑलआउट हो गई। मुज़फ्फरनगर की ओर से गेंदबाज़ी में आरक्षी जगत छा गए। उन्होंने महज 13 रन देकर 4 विकेट चटकाए और मैन ऑफ द मैच चुने गए। आरक्षी अर्जुन ने भी 2 विकेट हासिल किए।

विवेक बने टूर्नामेंट के स्टार
पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए मुज़फ्फरनगर पुलिस टीम के ऑलराउंडर आरक्षी विवेक को मैन ऑफ द सीरीज व बेस्ट बॉलर घोषित किया गया। उन्होंने प्रतियोगिता में 111 रन बनाए और कुल 7 विकेट हासिल किए।

कप्तान मनीष राणा की रणनीति रही अहम
मुख्य आरक्षी मनीष राणा की बेहतरीन कप्तानी और रणनीति इस जीत का प्रमुख आधार रही। टीम के सामूहिक प्रदर्शन ने मुज़फ्फरनगर को खिताब दिलाया।

फाइनल मुकाबले के दौरान एसएसपी मेरठ विपिन ताडा और एसएसपी मुज़फ्फरनगर संजय कुमार वर्मा भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने खिलाड़ियों के खेल भावना और शानदार प्रदर्शन की सराहना की।

मुज़फ्फरनगर पुलिस की इस जीत से पूरे जनपद में खुशी का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed