MD News बहुआयामी समाचार चैनल
रिपोर्ट : रोहित जैन, जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख, मुज़फ्फरनगर

मुज़फ्फरनगर। थाना जानसठ पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ में एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर पंचायतघर बैटरी चोरी का खुलासा कर दिया। मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए आरोपी सादिक पुत्र कल्लू निवासी गुलाबनगर (रूड़की) को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। उसका एक साथी मौके से फरार होने में सफल रहा।
पुलिस के अनुसार 16/17 नवंबर की रात ग्राम तालड़ा स्थित निर्माणाधीन पंचायत घर से ई-रिक्शा की 08 बैटरी और एक अल्टेनेटर चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
01 दिसंबर की रात पुलिस टीम जानसठ–खतौली मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बैटरी चोरी में शामिल दो आरोपी पल्सर बाइक से बसाईच की ओर से आने वाले हैं। पुलिस ने बसाईच कट पर नाकाबंदी की और कुछ देर बाद संदिग्ध बाइक दिखाई दी। पुलिस द्वारा रुकने का इशारा करने पर दोनों आरोपी बाइक मोड़कर भागने लगे और कोल्हू की ओर जाते समय पुलिस पर फायरिंग कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी सादिक घायल हो गया। तलाशी में उसके कब्जे से चोरी की तीन बैटरियां, पल्सर मोटरसाइकिल, तथा 315 बोर का तमंचा मय कारतूस बरामद किया गया। फरार आरोपी की तलाश जारी है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ सात से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह हाल में थाना मीरापुर क्षेत्र के मोहल्ला मुश्तर्क में रह रहा था। पूछताछ में सादिक ने स्वीकार किया कि उसने ही अपने साथी के साथ मिलकर तालड़ा पंचायतघर से 08 बैटरी और अल्टेनेटर चोरी किया था तथा उसी चोरी के सामान को बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
पुलिस टीम ने घटना का सफल अनावरण कर चोरी का सामान बरामद कर लिया है। फरार आरोपी की तलाश तेजी से जारी है।
