अमेठी। मनरेगा में फर्जी हाजिरी लगाने के मामले में ग्राम पंचायत अमेयमाफी (विकासखंड भेंटुआ) में कार्यरत संविदा ग्राम रोजगार सेवक ओमप्रकाश के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई है। आयुक्त ग्राम्य विकास ने आइजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायत “फर्जी मनरेगा हाजिरी का खेल शानदार और अच्छे तरीके से खेला जा रहा है” का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए थे। जिला विकास अधिकारी/उपायुक्त (श्रम एवं रोजगार) वीरभानु सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत अमेयमाफी में एनएनएमएस के अंतर्गत बरतला—रामपाटी रोड से अनिल के मशीन तक संपर्क मार्ग पर मिट्टी कार्य किया जा रहा था। जांच के दौरान पाया गया कि संबंधित रोजगार सेवक द्वारा एक ही श्रमिक की दो अलग-अलग मास्टर रोल संख्या (1726 एवं 1727) पर उपस्थिति दर्शाई गई थी। जांच में अनियमितता सही पाए जाने पर आयुक्त ग्राम्य विकास के निर्देशानुसार खंड विकास अधिकारी भेंटुआ द्वारा संबंधित रोजगार सेवक के मानदेय से ₹9345.60 की अर्थदंड स्वरूप कटौती की कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। साथ ही रोजगार सेवक ओमप्रकाश को कड़े निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में यदि किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा पुनरावृत्ति पाई जाती है तो उनकी संविदा तत्काल समाप्त कर दी जाएगी।

1 view

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *