MD News बहुआयामी समाचार चैनल
जिला सहायक ब्यूरो प्रमुख – रोहित जैन (दभेड़ी वाले)
बुढ़ाना | मुजफ्फरनगर

गाजियाबाद।
दिल्ली-एनसीआर में लगातार बिगड़ती वायु गुणवत्ता को देखते हुए ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP-4) लागू कर दिया गया है। छात्रों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने शैक्षणिक संस्थानों के संचालन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है।

जिलाधिकारी गाजियाबाद के निर्देशों के क्रम में जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार दिनांक 14 दिसंबर 2025 से अग्रिम आदेशों तक जनपद गाजियाबाद एवं गौतमबुद्ध नगर में संचालित बेसिक शिक्षा परिषद तथा सभी बोर्डों (यूपी बोर्ड, सीबीएसई, आईसीएसई, संस्कृत शिक्षा परिषद, मदरसा बोर्ड एवं अन्य) से मान्यता प्राप्त विद्यालयों में प्री-नर्सरी से कक्षा 5 तक की पढ़ाई पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से कराई जाएगी।

इसके अलावा कक्षा 6 से कक्षा 9 एवं कक्षा 11 तक की कक्षाएं हाइब्रिड मोड में संचालित होंगी, जिसमें जहां संभव होगा वहां ऑनलाइन एवं भौतिक (ऑफलाइन) दोनों माध्यमों से पढ़ाई कराई जाएगी। यह आदेश विद्यालयों के साथ-साथ जनपद में संचालित कोचिंग सेंटरों पर भी लागू रहेगा।

जिला विद्यालय निरीक्षक ने जनपद के सभी प्रधानाध्यापकों, प्रधानाचार्यों एवं कोचिंग सेंटर संचालकों को निर्देशित किया है कि वे आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करें, जिससे बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा की जा सके।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वायु गुणवत्ता में सुधार होने तक यह व्यवस्था प्रभावी रहेगी तथा स्थिति की समीक्षा के बाद आगे के निर्देश जारी किए जाएंगे। यह निर्णय पूरी तरह छात्रहित एवं जनहित में लिया गया है।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed