लापरवाही पर प्रशासन सख्त—जांच पूरी होने तक बंद रहेगा अस्पताल।

जनपद महाराजगंज के नगर क्षेत्र स्थित आज़ाद नगर में एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन के बाद 25 वर्षीय प्रसूता की मौत का मामला गंभीर होता जा रहा है। घटना के बाद प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अस्पताल को सील कर दिया है। अस्पताल परिसर और आसपास के इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना रहा।

मृतका की पहचान किरण यादव (25 वर्ष), पत्नी अमरेंद्र यादव, निवासी नंदना शिवपुर, थाना घुघली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रविवार शाम महिला का ऑपरेशन किया गया था, जिसके बाद से उसकी हालत लगातार बिगड़ती चली गई। इलाज के दौरान कोई ठोस सुधार नहीं हुआ और सोमवार शाम उसकी मौत हो गई।

मौत की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल के सामने सड़क जाम कर दिया, जिससे करीब 20 मिनट तक यातायात बाधित रहा। सूचना पर सदर एसडीएम जितेंद्र सिंह, सदर क्षेत्राधिकारी जयप्रकाश त्रिपाठी, सदर कोतवाल निर्भय सिंह और नायब तहसीलदार देशदीपक त्रिपाठी मौके पर पहुंचे। स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए कोतवाली और सिंदुरिया थाना की पुलिस फोर्स तैनात की गई। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद जाम हटवाया गया और आवागमन बहाल कराया गया।

परिजनों ने इलाज में घोर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। सदर कोतवाल ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं एसीएमओ वीरेंद्र आर्य ने कहा कि जांच पूरी होने तक अस्पताल को सील कर दिया गया है तथा एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *