महराजगंज।जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में विकास खण्ड निचलौल की ग्राम पंचायत अमड़ा में प्रशासन गांव की ओर अभियान के अंतर्गत ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। ग्राम चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा शासन की प्राथमिकताओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।


चौपाल को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने ‘वीबी–जी राम जी’ योजना के विषय में ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा मनरेगा के स्थान पर वीबी–जी राम जी योजना को लागू किया जा रहा है, जिसके अंतर्गत ग्रामीणों को न्यूनतम 125 दिनों का रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, जबकि मनरेगा में 100 दिनों का प्रावधान था। उन्होंने कहा कि इस योजना का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्थायी आजीविका का सृजन करना है तथा ग्राम पंचायतों में आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण करना है।
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है, जिसके तहत पात्र लाभार्थियों को ₹5 लाख तक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जाता है। उन्होंने कहा कि यह विश्व की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है।
ग्रीन चौपाल की चर्चा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इसका उद्देश्य वृक्षारोपण को प्रोत्साहित करना एवं मानव–वन्यजीव संघर्ष के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने बताया कि इच्छुक ग्रामीणों को वन विभाग द्वारा निःशुल्क पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत उपभोक्ताओं को ₹1.08 लाख तक का अनुदान प्रदान किया जाता है। इससे न केवल विद्युत बिल में कमी आती है, बल्कि अतिरिक्त विद्युत ऊर्जा को ग्रिड में बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित की जा सकती है।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को बाल विवाह को रोकने की शपथ दिलाई और इसकी हानियों से ग्रामीणों को अवगत कराया।


जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम स्तर पर लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही लंबित योजनाओं को अभियान चलाकर पूर्ण कराया जाए। मनरेगा एवं अन्य विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने हेतु कार्यस्थलों पर सूचना पट्ट अनिवार्य रूप से लगाए जाएं।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीणों का जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता बनी रहे और वास्तविक लाभार्थी लाभान्वित हो सकें। कहा कि इस चौपाल का उद्देश्य यही है। यहां विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल का आयोजन कर योजनाओं का आवेदन कराया गया।


मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ग्राम चौपाल के माध्यम से प्रशासन सीधे गांवों तक पहुंच रहा है। इसका उद्देश्य योजनाओं की जमीनी हकीकत को समझना तथा ग्रामीणों की वास्तविक समस्याओं का समाधान करना है। लाभार्थियों को प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान 199 से अधिक लाभार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई, 04 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, 17 आवेदन सीएम युवा योजना के अंतर्गत कराए गए। वृद्धावस्था पेंशन के 09 प्रकरणों में ई–केवाईसी कराया गया। 11 लाभार्थियों के पात्र गृहस्थी कार्ड में यूनिट वृद्धि कराया गया। इसी प्रकार व्यक्तिगत शौचालय, वरासत, फॉर्मर रजिस्ट्री सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया।
प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान कार्ड सहित अन्य योजनाओं के लाभार्थियों को भी प्रमाणपत्र प्रदान किए गए।
कार्यक्रम का संचालन परियोजना निदेशक श्री रामदरश चौधरी द्वारा किया गया। विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।
इस अवसर पर डीएफओ निरंजन सुर्वे, एसडीएम निचलौल सिद्धार्थ गुप्ता, जिला समाज कल्याण अधिकारी, प्रोबेशन अधिकारी, जिला पंचायतराज अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी निचलौल सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

0 views

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed